मनसे ने माना कि मन से नहीं किया विरोध
राहुल गांधी के मुंबई दौरे पर जितना बवाल होना था हुआ. शिवसेना और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना दोनों ने कहा था कि वे राहुल गांधी के मुंबई दौरे का विरोध करेंगे. लेकिन प्रशासन की सतर्कता से जब लोकल ट्रेन में चलने के बाद भी विरोध फीका पड़ गया तो सबसे पहले मनसे ने विरोध करनेवालों में से अपना नाम वापस ले लिया है.
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के प्रवक्ता वागीश सारस्वत ने एक निजी टीवी चैनल से बात करते हुए कहा कि मनसे ने राहुल गांधी के मुंबई दौरे का विरोध करने के बारे में कोई निर्णय नहीं किया था. उनका कहना था कि अगर मनसे ने तय किया होता कि राहुल गांधी का विरोध करना है तो हम उन्हें एयरपोर्ट से ही बाहर नहीं आने देते.
उधर शिवसेना ने राहुल गांधी के दौरे पर छुटपुट विरोध के लिए अपने शिवसैनिकों की तारीफ की है. राहुल गांधी के मुंबई से बाहर जाने के बाद उद्धव ठाकरे ने एक प्रेस कांफ्रेस करके उन शिवसैनिकों की तारीफ की जिन्होंने राहुल गांधी को काले झण्डे दिखाए. उद्धव ने राहुल गांधी की यात्रा को राजनीतिक स्टण्ट करार दिया है.



del.icio.us
Digg