नक्सलियों की चेतावनी: अंगुली पर स्याही दिखी तो हाथ काट डालेंगे
गुरुवार को गढ़चिरोली में 17 पुलिसकर्मियों की हत्या कर देने के बाद अतिउत्साहित नक्सलियों ने शुक्रवार को ऐलान किया है कि वोट डालने वालों को वे हाथ काट डालेंगे। महाराष्ट्र में आगामी 13 अक्टूबर को होनेवाले मतदान का बहिष्कार करने के लिए माओवादियों ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में जगह-जगह पोस्टर लगा रखे हैं जिसमें मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी दी गयी है.
गढ़चिरोली के घने जंगलों में ये धमकी मुंह जुबानी लोगों तक पहुंचाई जा रही है। लोकतंत्र को चुनौती देते ये शब्द देश में नक्सलियों के बढ़ते हौसले का सबसे बड़ा सबूत हैं। तीन हेलिकॉप्टर नक्सलियों की किसी भी आहट के सुराग के लिए लगातार जंगलों के ऊपर उड़ान भर रहे हैं। कोशिश यही है कि नक्सलियों के गढ़ बने गढ़चिरैली में नक्सलियों को कम से कम चुनाव तक जंगलों में इतना भीतर धकेल दिया जाए कि उनकी धमकी बेअसर हो जाए।
गुरुवार को कमांडो फोर्स के 40 जांबाज चार घंटे तक 200 से ज्यादा नक्सलियों से लोहा लेते रहे। चार घंटे तक लगातार चली फायरिंग में सी-60 कमांडो फोर्स के 17 जवान शहीद हो गए। हारते भी क्यों नहीं? 17 जवान 200 नक्सलियों के अंबुश में फंसे हुए थे। यानी हर जवान पर 10 नक्सली धावा बोला था।
हमले की जगह से ही सुरक्षाबलों को सुरेश अलामी नाम के एक शख्स की सिर कटी लाश भी बरामद हुई। सुरेश अलामी पुलिस का खबरी था और इसकी भनक नक्सलियों को लग गई थी। यही वजह है कि पुलिस हमले की जगह पर ही उन्होंने पुलिस के खबरी का सिर धड़ से अलग कर दिया। इस बीच, गढ़चिरोली में उन 17 शहीदों का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया जो नक्सली हमले में मारे गए थे।



del.icio.us
Digg
Post your comment