माओवादियों के खिलाफ सेना का इस्तेमाल नहीं-प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि माओवादियों के खिलाफ सरकार सेना का प्रयोग नहीं करेगी. कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद रायचूर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि माओवादियों से निपटने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों का ही प्रयोग किया जाएगा.
माओवादियों के खिलाफ संभावित अभियान के बारे में पहली बार बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समस्या को समाप्त करने के िलए पुलिस और अर्धसैनिक बलों का प्रयोग की पर्याप्त होगा. ज्ञात हो कि माओवादियों से निपटने के लिए केन्द्र के संभावित अभियान में सेना के इस्तेमाल की खबरें भी आ रही थीं.
शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करने के बाद शनिवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा के सात कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया. उन्होंने कर्नाटक को भी एक हजार करोड़ रुपये की सहायता देने की घोषणा की. प्रधानमंत्री ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदुरप्पा के साथ एक बैठक में भी हिस्सा लिया जिसमें केन्द्रीय मंत्री एस एम कृष्णा और वीरप्पा मोईली भी शामिल हुए. प्रधानमंत्री ने यह घोषणा भी कि जल्द ही एक केन्द्रीय टीम बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेगी और बाढ़ से हुए नुकसान का लेखा जोखा तैयार करेगी.
आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में बाढ़ के कारण बीस से पच्चीस लाख लोग प्रभावित हुए हैं तथा आशंका है कि लगभग पच्चीस हजार करोड़ का नुकसान हुआ है. प्रधानमंत्री ने कर्नाटक में बाढ़ से मारे गये लोगों के परिवारवालों को अलग से एक एक लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा भी की है.
इस बीच रक्षामंत्री ए के एंटनी ने भी कहा है कि माओवादियों के खिलाफ अभियान के लिए सेना को तैनात नहीं किया जाएगा. नई दिल्ली में एक सेमिनार में बोलते हुए उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सेना को तैनात करने का कोई इरादा सरकार का नहीं है. एंटनी ने कहा कि आंतरिक सुरक्षा पूरी तरह से राज्य सरकार का मसला है और केन्द्र सरकार सिर्फ राज्य सरकारों को मदद कर सकती है. हालांकि उन्होंने जरुरत होने पर एयरफोर्स की मदद से इन्कार नहीं किया है.



del.icio.us
Digg
Post your comment