सरकार से बातचीत को तैयार हैं माओवादी
माओवादी केन्द्र सरकार से बातचीत के लिए तैयार हो गये हैं. समाचार एजंसी पीटीआई ने माओवादी नेता किशनजी के हवाले से खबर दिया है कि माओवादी बातचीत के लिए तैयार हैं लेकिन इसके पहले वे चाहते हैं कि केन्द्र सरकार वनवासी इलाकों से पैरा मिलिट्री फोर्स हटा ले.
माओवादी नेता किशनजी के हवाले से पीटीआई का कहना है कि अगर केन्द्र सरकार माओवाद प्रभावित राज्यों से पैरा मिलिट्री फोर्स को हटा ले तो वे केन्द्र सरकार से बातचीत करने के लिए तैयार हैं. ज्ञात हो कि केन्द्र सरकार ने नक्सल प्रभावित राज्य सरकारों के साथ मिलकर आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, बिहार, झारखण्ड और पश्चिम बंगाल में आपरेशन ग्रीन हण्ट के नाम से अभियान चला रहा है. अभियान का पहला चरण शुरू हो चुका है. ऐसे में कोटेश्वर राव उर्फ किशन जी का यह बयान महत्वपूर्ण हो जाता है. किशनजी का कहना है कि केन्द्र सरकार निर्दोष आदिवासियों को माओवादी बताकर मार रही है.
प्रधानमंत्री और गृहमत्री पहले ही कह चुके हैं कि अगर माओवादी हथियार छोड़ दें तो केन्द्र सरकार उनसे बातचीत के लिए तैयार है. किशनजी का कहना है कि आजादी के बाद से ही लगातार आदिवासियों का उत्पीड़न किया जा रहा है.



del.icio.us
Digg
Post your comment