शनिवार को शपथ लेंगे अर्जुन मुण्डा
झारखंड में राज्यपाल एमओएच फारूक ने गुरुवार को भाजपा विधायक दल के नेता अर्जुन मुंडा को राजभवन बुलाकर सरकार गठन का मौका दे दिया। मुंडा 11 सितंबर [शनिवार] को पूर्वाह्न 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण करेंगे। उन्हें सात दिन के भीतर विधानसभा में अपना बहुमत साबित करना होगा।
नई दिल्ली में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में राज्यपाल की अनुशंसा के अनुसार झारखंड से राष्ट्रपति शासन हटाए जाने के फैसले के तुरंत बाद रांची में गतिविधियां तेज हो गईं। राजभवन ने देर किये बगैर मंगलवार को सरकार बनाने का दावा करने वाले अर्जुन मुंडा को आमंत्रित किया। राजभवन पहुंचे मुंडा को राज्यपाल ने प्रदेश में सुविधानुसार सरकार बनाने का निमंत्रण दिया। भाजपा-झामुमो-आजसू-जदयू गठबंधन में पहले ही चर्चा कर चुके मुंडा ने राज्यपाल को तत्काल बता दिया कि वह 11 सितंबर को शपथ लेने के लिए तैयार हैं। उनके साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा विधायक दल के नेता हेमंत सोरेन और आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो के उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की उम्मीद है। बाकी के मंत्री विश्वास मत की प्राप्ति के बाद शपथ लेंगे।
15 नवंबर सन 2000 को गठित झारखंड की यह आठवीं सरकार होगी, जबकि भाजपा के अर्जुन मुंडा तीसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे। राज्य गठन के दस सालों में सत्ता में रहने का सर्वाधिक अनुभव रखने वाली भाजपा के लिए झारखंड के विकास की चुनौती होगी। साथ ही मुख्यमंत्री पद प्राप्त करने की हैट्रिक लगा रहे अर्जुन मुंडा को भी गठबंधन सरकार चलाने के साथ-साथ प्रदेश में नया कुछ कर दिखाने की परीक्षा देनी होगी।
शनिवार को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के शीर्ष नेता शामिल हों, अर्जुन मुंडा की यह कोशिश होगी। लेकिन जिन परिस्थितियों में सरकार का गठन हो रहा है, उसमें नहीं लग रहा कि झारखंड की पृष्ठभूमि वाले यशवंत सिन्हा और भाजपा के एक-दो राष्ट्रीय पदाधिकारियों के अतिरिक्त कोई रांची आएगा।



del.icio.us
Digg
Post your comment