Home | भारत की कहानी | अडनी महा ठगिनी हम जानी

अडनी महा ठगिनी हम जानी

image

"यह जंगल हमारे बुजुर्गों का लगाया हुआ है, इसे हम कटने नहीं देंगे! हमने 10 फुट रास्ता सरकार से मांगा था, जो हमें नहीं मिला, जबकि अडनी समूह को पूरा जंगल दिया जा रहा है।" यह कहना है महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले ताड़ोबा अंधेरी बाघ अभ्यारण्य के बफर क्षेत्र के गांव मामला के सरपंच भारत काटवले का। उल्लेखनीय है कि चंद्रपुर शहर से सटे घने जंगल ताडोबा अंधेरी टाइगर रिजर्व के लिए एक ढाल की तरह हैं और ये जंगल इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह एक दक्षिणवर्ती कॉरीडोर का हिस्सा है जो बाघों के प्रजनन एवं उनके अस्तित्व के लिए काफी अहम् है।

क्या बिजली की किल्लत दूर करने के नाम पर सदियों पुराने जंगल, जैव विविधता, पर्यावरण और वनवासियों के जीवन को दांव पर लगाया जा सकता है? क्या इसके लिए हरे-भरे जंगल को खदान में तब्दील करना सही होगा? कुछ इसी तरह के सवाल आज महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की जनता सरकार से पूछ रही है।

नेचुरल क्लब नामक संस्था से सम्बद्ध पर्यावरणकर्मी प्रकाश कामडे का कहना है कि-`यह कॉरीडोर यदि नष्ट हुआ तो बाघों का प्रजनन प्रभावित हुए बिना नहीं रह पायेगा, जिसका सीधा असर बाघों की संख्या पर पड़ेगा। साथ ही जानवरों का इंसान से सीधा टकराव भी बढ़ जायेगा। पर्यावरणवादी बंडू धोतरे बताते हैं कि-`पिछले 4 सालों में 55 लोग बाघों के हमले से मारे गए हैं, 1,000 से अधिक लोग घायल हुए हैं और हजारों जानवर भी मारे गए हैं।´ ताडोबा में 45 बाघों के होने की बात कही जा रही है, जिसमें से 6 लोहारा स्थित प्रस्तावित अडनी माइन्स के क्षेत्र में ही हैं। दूसरी ओर यह क्षेत्र 18 पशु प्रजातियों समेत करीब 225 प्लांट्स की स्पीसीज का बसेरा है। यहां रहने वाले बाघ और तेंदुए समेत 9 प्रजातियां लुप्तप्राय हैं। अगर जंगल काटकर यहां खनन शुरु होता है तो खुदाई में हर दिन 55 टन विस्फोटक इस्तेमाल होगा, जो बाघों समेत अन्य वन्य प्राणियों, पर्यावरण एवं वनवासियों के लिए खतरनाक साबित होगा। ताडोबा टाइगर रिजर्व बाघों की जनसंख्या के घनत्व की तुलना में देश का सबसे बेहतर टाइगर रिजर्व है। लेकिन अडनी की प्रस्तावित इन कोयला खदानों के चलते इसके अस्तित्व पर एक प्रश्नचिन्ह लग गया है?

उम्र महज 22 साल, लेकिन चंद्रपुर जिले के लोहारा गांव निवासी किशोर तलांडी समूचे गांव, समुदाय एवं जंगल से जुड़ी समस्या बयां करते हैं। वे कहते हैं कि-`बाहर के जो लोग लकड़ियां बेच रहे हैं वो भी नहीं बेच पायेंगे, क्योंकि जंगल नहीं बचेगा। उधर काम नहीं मिलेगा, जो रुपये मिलेंगे वो लोग उड़ा देंगे और फिर कटोरा लेकर भीख मांगना पड़ेगा। आज मैं यहां दो सौ से तीन सौ रुपये तक कमा लेता हूं। लेकिन आगे क्या होगा? अडनी को आने नहीं देना, अडनी आया तो हम सब को जाना पड़ेगा।´ उल्लेखनीय है कि चंद्रपुर जिले का ताडोबा अंधेरी टाइगर रिजर्व बाघों के लिए स्वर्ग माना जाता है। लेकिन वहां के बफर जोन में एक या दो नहीं बल्कि छ: कोयला खदानें प्रस्तावित हैं। प्रस्तावित खनन क्षेत्र जुनोना संरक्षित वन क्षेत्र के अलावा लोहारा गांव की सीमा में स्थित है और कोल परियोजना के कोर क्षेत्र में स्थित लोहारा गांव को विस्थापित किया जाना है। महाराष्ट्र के गोदिंया जिले के तिरोडा में प्रस्तावित अडनी ग्रुप्स लिमिटेड के पावर प्लांट के लिए आवश्यक कोयले की आपूर्ति हेतु कोयला मंत्रालय की ओर से अडनी ग्रुप को चंद्रपुर शहर से महज 6 किलोमीटर की दूरी पर और ताडोबा अंधेरी टाइगर रिजर्व से महज 10 किलोमीटर की दूरी पर लोहारा ईस्ट और लोहारा वेस्ट दो कोल ब्लॉक आवंटित किए जा चुके हैं। इस बात को लेकर पूरे चंद्रपुर के लोगों में आक्रोश है और जनता सड़कों पर उतर चुकी है। लोहारा के 42 वर्षीय प्रकाश वेलादी से जब पूछा गया कि तुम्हारा घर जब अडनी माईन्स की भेंट चढ़ जायेगा तो क्या करोगे? जवाब में उसने कहा कि-`घर कैसे जायेगा, हम जायेंगे नहीं तो कैसे जायेगा? हम सब मिलकर रोकेंगे, हम सदियों से यहां रह रहे हैं, जंगल हमारा है और हम जंगल के हैं।´ लेकिन लोहारा के सरपंच दयानंद बंकुवाले कंपनी का पक्ष लेते हैं, वे कहते हैं कि-`पर्यावरण से हमें क्या मिलेगा?´ दूसरी ओर 36 वर्षीय इंडस्ट्रियल वर्कर प्रकाश वाडई कहते हैं कि कंपनी के पक्ष में लोहारा के किसी ग्रामीण ने हस्ताक्षर नहीं किया था, हमने तो इस परियोजना के विरोध में सरपंच को हस्ताक्षर दिये थे, जिसके कवरिंग लेटर को अडनी के पक्ष में बदल कर कलेक्टर को दे दिया गया। हमको उठाने की  कोशिश हुई तो सड़कों पर आयेंगे और जरूरत पड़ी तो जान भी देगे।´ सामाजिक कार्यकर्ता भी लोहारा के सरपंच को कंपनी द्वारा बरगलाये जाने की बात कहते हैं। उनका कहना है कि लोहारा से कुछ ही दूरी पर चंद्रपुर नगरपालिका है, उनका भी कुछ मत है, जिसे उपेक्षित नहीं किया जा सकता।

पर्यावरणवादी सुरेश चोपने के मुताबिक-`चंद्रपुर जिले में पहले से ही 36 खदानें संचालित की जा रही हैं। लेकिन यह सबसे बड़ी खदान होगी होगी, जिससे करीब 1,750 हेक्टेयर में फैला हरा-भरा जंगल ही नष्ट नहीं होगा, बल्कि पहले से पानी की समस्या का सामना कर रहे चंद्रपुर में पानी का अकाल पड़ जायेगा। समस्या बेहद विकराल होने जा रही है क्योंकि जिले में कुल 22 खदानें प्रस्तावित हैं, जिसमें से 6 खदानें जंगल काटकर बनने वाली हैं।´ ताडोबा टाइगर रिजर्व के बफ़र जोन और आसपास अडनी के अलावा, मुरली एग्रो, औरंगाबाद पावर, स्टेट माइनिंग कार्पोरेशन और सनप्लेक्स कंपनियों की नज़र गड़ी है। एक ओर जहां अडनी ग्रुप को खनन के लिए दो हजार हेक्टेयर से अधिक भूमि लीज पर दिये जाने से पर्यावरणवादियों समेत चंद्रपुर की जनता को भविष्य में भूजल स्तर में भीषण गिरावट का डर सता रहा है, वहीं पहले से ही प्रदूषण की चादर से ढंके चंद्रपुर जिला और अधिक प्रदूषित हो जायेगा। स्थानीय विधायक सुधीर एस.मुन्गंटीवार कहते हैं कि-`इंडस्ट्री लगाने की एवज में दोगुना जंगल लगाने की बात महज कागजों तक रही है। जंगल के बदले जंगल लगाने की जो बात कही जाती है, सरकार दिखाए कि कहां जंगल लगाए गए हैं? यहां पर पहले ही बहुत सी माईन्स हैं। जितना रोजगार मिला, उससे ज्यादा दुष्प्रभाव पड़ा। जिसके पास खेती थी उसे तो जमीन का मुआवजा मिल गया, लेकिन जो खेत मजदूर था वह बेरोजगार हो गया।´

अडनी की माईन्स के कारण लोहारा गांव विस्थापित होगा, जबकि मामला, घंटाचौकी, चकबोड़ा, पदमापुर, दुर्गापुर, निंबाड़ा, वयगांव जैसे कई गांव प्रभावित होंगे। लोहारा में जमीन के मुआवजे के तौर पर 8 लाख रुपये प्रति एकड़ की दर से दिये जाने की बात कही जा रही है। बाकी गांवों को कोई मुआवजा नहीं मिलने वाला है। स्थानीय ग्रामीणों में से महज 25 फीसदी लोगों के पास खेती है, करीब 60 फीसदी लोग एफडीसीएम में मजदूरी करके पेट पालते हैं, जबकि शेष लोग अन्य स्थानों पर मजदूरी करते हैं। मुन्गंटीवार के मुताबिक-`वैसे भी खुली खदानों में लोगों को रोजगार नहीं मिलता। प्रस्तावित परियोजना के मुताबिक महज 250 से 300 लोगों को ही रोजगार मिलेगा। लेकिन इसके कारण 4 लाख आबादी पर प्रदूषण का असर होने वाला है।´ दूसरी ओर पर्यावरणीय संतुलन बरकरार रखने वाले करीब 13 लाख वृक्षों को इस कथित विकास की बेदी पर बलि होना पड़ेगा। इस जंगल में  दुनिया भर के करीब 280 क्लोन्स लाकर संरक्षित किए गए हैं, जो एक अमूल्य धरोहर है। खनन शुरु हुआ तो यह धरोहर नष्ट हो जायेगी। प्रदूषण के चलते चंद्रपुर जिले में अम्लीय वर्षा होती है। खदानों की संख्या बढ़ेगी तो प्रदूषण भी बढ़ेगा, ऐसे में अम्लीय वर्षा की मात्रा भी बढ़ जाएगी.ये दण्डकारण्य का जंगल है और इसकी बायोडाइवर्सिटी सैकड़ो वर्ष पुरानी है। राष्ट्रीय वन नीति 1988 के मुताबिक सभी प्रदेशों में कम से कम 33 प्रतिशत जंगल होने चाहिए। पिछले विधानसभा सत्र में महाराष्ट्र वन मंत्री ने प्रदेश में 20 प्रतिशत जंगल होने की बात कही थी, जबकि उपग्रह चित्रों के मुताबिक महज 14 फीसदी जंगल इस राज्य में बचे हैं। बंडू धोतरे इन खदानों के विरोध और जंगल बचाने की मांग करते हुए दो बार आमरण अनशन कर चुके हैं। जब पर्यावरण एवं वन राज्य मंत्री जयराम रमेश की ओर से इन कोल ब्लॉकों का आवंटन रद्द किए जाने की बात कही गई तो उन्होंने अनशन खत्म किया। हालांकि बंडू धोतरे जयराम रमेश की बात से अभी भी आश्वस्त नहीं हैं। इससे पहले वे अडनी ग्रुप को लोहारा में खनन की अनुमति दिये जाने के खिलाफ सत्याग्रह भी कर चुके हैं, लेकिन प्रदेश के वन मंत्री बबनराव पचपुटे के आश्वासन के बाद उन्होंने इसे छोड़ दिया था। लेकिन अब धोतरे वन मंत्री पचपुटे पर आरोप लगाते हुए कहते हैं कि-`वन मंत्री इस परियोजना को रद्द करने की बजाय इसे हरी झण्डी दिखाने के लिए प्रतिबद्ध जान पड़ते हैं और वे इस सम्बन्ध में आवश्यक कार्यवाही करने के लिए वन अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं।´ फिलहाल करीब 25 स्वयंसेवी संस्थाओं ने एकजुट होकर लोहारा में खनन की अनुमति देने के सरकारी फैसले के खिलाफ अंतिम क्षण तक लड़ने का मन बना लिया है।

इस मुद्दे को लेकर जमकर राजनीति हो रही है और राजनीतिक पार्टियां इस संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीतिक रोटियां सेंकने से नहीं चूक रही हैं। यह देखना अभी बाकी है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए तमाम आयोजन करने वाली एवं इसके लिए कानून बनाने वाली हमारी लोकतांत्रिक सरकार इसके लिए किस हद तक संजीदा है? बहरहाल प्रदेश के वनमंत्री बबनराव पचपुटे ने समस्या से जुड़े तथ्य जुटाने के नाम पर एक स्टडी ग्रुप बनाया था। कुछ समय पूर्व पर्यावरणवादियों के वकील नीरज खण्डेवाले ने पचपुटे द्वारा गठित इस स्टडी ग्रुप को अविश्वसनीय बताया था, उनका कहना था कि इस ग्रुप को गठित करने का उद्देश्य पर्यावरणीय क्षति को कम करके आंकना था।´ बंडू धोतरे ने 7 जुलाई 2009 को इस स्टडी ग्रुप की पहली मीटिंग में ही अपना इस्तीफा सौंप दिया और 20 जुलाई को पुन: अनशन शुरु कर दिया। इस बीच चंद्रपुर की समस्त जनता इस आंदोलन से जागरूक हो गई और लोग रास्ते पर उतर आये, 28 जुलाई को पूरा चंद्रपुर बंद रहा। गौर करने वाली बात यह भी है कि सन् 1999 में लोहारा ईस्ट और लोहारा वेस्ट के इन्हीं कोल ब्लॉकों को एससी और निप्पॉन डेनरो पॉवर प्रोजेक्ट को वन्य जीव संरक्षण की दृष्टि से पर्यावरण मंत्रालय द्वारा आवंटित करने से इंकार कर दिया गया था। फिर अडनी को आज इस इलाके में खनन के लिए मंजूरी कैसे दी जा रही है? यही सवाल मुम्बई हाईकोर्ट की नागपुर बेंच में दायर याचिका में भी पूछा गया था। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि आखिर आज पूरी सरकारी मशीनरी अडनी ग्रुप को कोल ब्लॉक आवंटित कराने में क्यों जुट गई है? सरकार पर अडनी के पक्ष में गुटबाजी करने का आरोप भी लगाया जा रहा है, जो उसे को कटघरे में खड़ा करता है।

बहरहाल तडोबा टाइगर रिजर्व के नजदीक अडानी पावर कंपनी को कोयला खदान के आवंटन से महाराष्ट्र की राजनीति में उबाल आ गया है। कांग्रेस, बीजेपी और शिवसेना ने इसे टाइगर रिजर्व के लिए खतरा बताया है, वहीं एनसीपी चुप रहकर इसे अपना समर्थन दे रही है। अब कंपनी के खिलाफ विदर्भ के सांसद भी मैदान में कूद पड़े हैं। अलग-अलग पार्टियों के कई सासदों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर टाइगर रिजर्व में बचे 45 बाघों को बचाने की अपील की है। एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल के जिले गोंदिया के तिरोडा में एक थर्मल पावर प्लांट लगा रही है। इसी थर्मल प्लांट के लिए करीब 200 किलोमीटर दूर चंद्रपुर से कोयला ले जाने का विरोध किया जा रहा है। पर्यावरण विशेषज्ञों के तमाम विरोधों के बावजूद राज्य के वनमंत्री और एनसीपी नेता बबनराव के कानों पर जूं नहीं रेंग रही है। एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल का कहना है कि मामले को सुलझा लिया जाएगा लेकिन कांग्रेसी नेता प्रफुल्ल पटेल के बयान से सहमत नहीं है। कंपनी के अधिकारी इस मसले को सरकार और स्थानीय लोगों के बीच की बात कहकर बोलने को तैयार नहीं हैं। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने मामला यूपीए अध्यक्ष सोनिया गॉंधी और प्रधानमंत्री दोनों के पास भी पहुंचा दिया है। इस बीच प्रदेश भाजपा को सरकार के खिलाफ पर्यावरण की आड़ में एक बड़ा मुद्दा मिल गया है।

Subscribe to comments feed Comments (0 posted):

total: | displaying:

Post your comment comment

Type in Hindi (हिन्दी में कमेन्ट करने के लिए यहां रोमन में लिखिए यह अपने आप हिन्दी में बदल देगा.)

Title :
Body
Powered by Vivvo CMS v4.1.2
Share |
  • email Email to a friend
  • print Print version

ईमेल से विस्फोटः अपना ईमेल यहां भरें और सब्सक्राइब करें:

Delivered by FeedBurner

Author info
image उमाशंकर मिश्र विकास को अपनी कलम से आंकते युवा पत्रकार उमाशंकर मिश्र ग्रामीण भारत और परंपरागत उद्योग को समझना चाहते हैं और रिपोर्ट करना चाहते हैं. एक मासिक पत्रिका सोपान स्टेप में कार्यरत है.
Rate this article
5.00
More from भारत की कहानी
Previous
image
अपने होने पर ही हैरान
‘चुप्पी-चुप्पी नहीं नहीं, बोलेंगे अब सभी-सभी’ इन्हीं नारों से दाहोद (गुजरात) का सीनियर रेलवे संस्थान परिसर 31 अक्टूबर को पूरे दिन गूंजता रहा। यहां गुजरात के बड़ोदरा, पंचमहल, सुरत, भड़ूच, डांग, बालसाड और साबरकांठा जिले से लगभग तीन हजार के आस पास विमुक्त एवं घुमंतू समाज से ताल्लुक रखने वाले लोग इकट्ठे हुए थे। मौका था, अधिकार अभियान की घोषणा का। उस समाज के लिए जो इस लोकतांत्रिक देश में अधिकार का अर्थ अभी तक समझ नहीं पाएं हैं। ...
image
जमीन ले लो या गोली मार दो
भारत-पाक सरहद पर बसे किसान इन दिनों खासी परेशानी का सामना कर रहे हैं। हालात इस कदर बिगड़े हुए हैं कि किसान मरने तक को तैयार हैं, लेकिन उनकी समस्या पर न तो नौकरशाह गौर कर रहे हैं और न ही सफेदपोश। दरअसल, लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे किसानों के सामने हाल ही में आए एक सरकारी फरमान ने कई दुविधाएं खड़ी कर दी है। इस फरमान के मुताबिक सीमा क्षेत्र में तारबंदी के पार दो फिट से ज्यादा ऊंची फसल पर पाबंदी लगा दी गई है, जबकि किसान सीमा क्षेत्र में जो भी फसल बोते हैं, उनकी ऊंचाई दो फिट से अधिक ही है।...
image
डकैती छोड़ दी, पर पुलिस पीछा नहीं छोड़ती
पुलिस कहती है कि चंबल से डाकुओं का खात्मा हो गया है. इसमें बहुत हद तक सच्चाई भी है लेकिन डाकुओं के खात्मे के बाद भी पुलिस का काम खत्म नहीं हुआ है. जो डाकू डकैती छोड़कर शहरों में मजदूरी करने चले गये या कुछ तो बाकायदा साधु सन्यासी हो गये. पुलिस अभी भी उनके पीछे पड़ी हुई है और खोज खोज कर गिरफ्तार कर रही है. दिनेश शाक्य की रिपोर्ट-...
image
विस्थापन के 33 साल बाद,पूरी तरह बर्बाद
भारत की औद्योगिक प्रगति और शहरी विकास के लिए सबसे आधारभूत जरूरत है जमीन. जहां भी विकास का पहिया पहुंचता है, पहले वहां की जमीन और जमीन के वाशिंदों को रौंदता है. फिर अपनी मर्जी के मुताबिक एक नया साम्राज्य विकसित करता है जो विकास का विस्तार बताकर हमारे सामने प्रस्तुत किया जाता है. लेकिन इस साम्राज्य के विकासक्रम में पीछे छूट गये लोगों की एक दुनिया शेष रह जाती है. सरकार और कंपनियां जिन्हें मुआवजा देकर "अमीर" बनाकर छोड़ देती हैं वे पीछे छूट गये लोग कितने दयनीय होकर रह जाते हैं इसका सटीक उदाहरण है गाजियाबाद का कड़कड़ मॉडल गांव. इस गांव के जरिए विकास और विस्थापन का जायजा ले रहे हैं अनिल पाण्डेय. ...
image
बज गया बस्तर का बैंड
हाल के वर्षों में देश दुनिया बस्तर को सिर्फ इसलिए जानती है कि वहां कब कहां कैसे कितने नक्सली मारे गये या फिर नक्सलियों ने कितने पुलिसवालों को मार गिराया है. लेकिन आदिवासियों की समृद्ध दैवीय परंपरा से एक ऐसा नाद उठ खड़ा हुआ है जो संगीनों की कर्कश आवाज को दबाने के लिए बस्तर से निकल पड़ा है. यह बस्तर बैण्ड है. आदिवासियों की अपनी पहल पर निर्मित हुए बस्तर बैंड देश दुनिया को बस्तर के इस परंपरागत स्वरूप से परिचय करा रहा है जो बस्तर के संगीत में विराजमान दैवीय नाद से श्रोताओं के अनहद को छू रहा है. ...
image
गर्त में गये गांव
2021 तक भारत में महानगरों की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा होगी और हर महानगर में 1 करोड़ से ज्यादा लोग रह रहे होंगे. अमेरिकन इंडिया फाऊंडेशन ऐसा मानता है और वहीं भारत सरकार की जनगणना के मुताबिक भी बीते एक दशक में गांवों से तकरीबन 10 करोड़ लोगों ने पलायन किया है, जबकि निवास स्थान छोड़ने को आधार मानें तो 30 करोड़ लोगों ने अपना निवास स्थान छोड़ा है....
image
बाल अधिकारों के बीस साल बाद
अब से बीस साल पहले 1989 को सयुंक्त राष्ट्र द्वारा पारित बाल-अधिकारों के कन्वेंशन के जरिए बच्चों के लिए एक बेहतर, स्वस्थ्य और सुरक्षित दुनिया का लक्ष्य रखा गया था. मगर समय के दप दशक गुजर जाने के बाद आज बच्चों की यह दुनिया कहीं बदतर, असुरक्षित और बीमार दिखाई देती है....
image
दलित उद्यमियों का बढ़ता दबदबा
पहले दलित उद्यमी गंगाराम कांबले के राज्य महाराष्ट्र में इन दिनों दलित उद्यमशीलता की नई इबारत लिखी जा रही है। कांबले ज्ञात दलित इतिहास में भारत के पहले दलित उद्यमी के तौर पर नजर आते हैं। वे शाहूजी महाराज के समकालीन थे। आज दलित समाज से निकलकर व्यवसाय में पांव जमाने वाले उद्यमियों की संख्या पूरे देश में तेजी से बढ़ रही है। लेकिन यह गति महाराष्ट्र में थोड़ी तेज है. अब महाराष्ट्र में दलित व्यवसायियों को एक मंच पर लाकर खड़ा करने के लिए दलित इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (डिक्की) जैसा मंच भी तैयार हो चुका है।...
image
पत्थरों की खदानों से लौटा बचपन
कभी बाल मजदूरी करने वाला महेन्द्र अब बच्चों के अधिकारों से जुड़ी कई लड़ाईयों का नायक है। महेन्द्र के कामों से जाहिर होता है कि छोटी सी उम्र में मिला एक छोटा सा मौका भी किसी बच्चे की जिंदगी को किस हद तक बदल सकता है।...
image
भूख के पेट में भारत के बच्चे
यह बीते साल नंबवर के आखिरी हफ्ते की बात है जब ग्राम-अगासिया, विकासखण्ड-मेघनगर, जिला-झाबुआ, मध्यप्रदेश के अर्जुन ने एक सर्द रात में कुपोषण के सामने दम तोड़ दिया था। उस सर्द समय में इसी आदिवासी इलाके के दर्जनों बच्चे भी मारे गए थे। अर्जुन सबसे कम उम्र के उन बच्चों में से एक ऐसा नाम था जो अपने हमउम्र साथियों के साथ फाइल की सूची में क्रमानुसार दर्ज हो चुका था। इस तरह एक और नाम भूखे भारत की सांख्यिकी में एक बड़े गुणनफल के बीचोंबीच कहीं दूर गुम हो चुका था।...
image
भारत के भूख का अर्थ
पीयूसीएल द्वारा दायर एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए सर्वोच्च न्यायालय ने जो फैसला दिया है वह भारत की असली कहानी कहता है. सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि सरकार गोदामों और खुले स्थानों पर अनाज को सड़ने के लिए छोड़ देती है. यह सरकारी बदइंतजामी है और कुछ नहीं. इससे तो अच्छा है कि अनाज गरीबों को मुफ्त में दिया जाए. भारत में सबसे तेजी से बढ़ते आईटी, मोबाइल टेलेफोनी, आटोमोबाइल, इन्फ्रास्ट्रक्चर, आईपीएल सेक्टर को बढ़त का सबसे तेज रफ्तारवाला माना जाता है लेकिन भूख की रफ़्तार के आगे ये सारे सेक्टर बहुत पीछे हैं। ...
image
बाढ़ से लथपथ हुआ लद्दाख
इस बात पर मौसम वैज्ञानिक बहस करते रहेंगे कि यह कैसी घटना थी जिसमें बादल फटने से किसी गांव या जिले पर विपत्ति नहीं बल्कि लद्दाख जो कि क्षेत्रफल में देश के कुछ छोटे राज्यों के बराबर है, पूरा का पूरा इसकी चपेट में आ गया जिसके कारण लद्दाख से करगिल तक का मार्ग ध्वस्त हो गया. छह पुल उड़ गये और लेह मनाली के मार्ग में दो पुल टूट गये जिसने लेह को सारे देश से काट दिया. वैज्ञानिक कोई भी दलील दें यह बात फिर भी अनुत्तरित ही रहेगी कि आखिर लेह कस्बे को कब्रिस्तान में बदलने के लिए बादल फटने की एक घटना काफी क्यों थी?...
image
सुभागलाल का सपना सच हो गया
वैसे तो देश के असंख्य सुभागलालों का सपना सच नहीं होता है। मगर घोरवाल के सुभागलाल का सपना सच हो गया। उसके गांव के सारे बच्चे अब स्कूल जाते हैं। जब वह छोटा था तब ऐसा कतई नहीं था।...
image
महिलाएं बन गयी विकास की पहरुआ
कहते हैं कि राजनीति की चाबी से हर ताले खुलते हैं, परन्तु बिहार के समाज में महिलाओं को यह चाबी वर्षों से नहीं मिली थी। इक्कीसवीं सदी के पहले दशक के जाते-जाते करिश्मा हुआ। वर्ष 2001 में लोकतंत्र की सबसे निचली इकाई, ग्राम पंचायत में आरक्षण के माध्यम से महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करा दी गई।...
image
गोल की कहानी गोलमोल
मणिशंकर अय्यर ने कामनवेल्थ खेलों पर तल्ख टिप्पणी करके खेल गिरोहों को आंदोलित कर दिया है. गिरोहबाज कह रहे हैं कि अय्यर ने जो टिप्पणी की है वह देशद्रोह से कम नहीं है. लेकिन अय्यर ने ऐसा क्या गलत कहा है? अय्यर कहते हैं कि कामनवेल्थ खेलों के नाम पर दिल्ली में जितना पैसा बरबाद किया जा रहा है उतने पैसे से देश के करोड़ों बच्चों के लिए खेलने का माहौल बनाया जा सकता है. स्वीडन से फुटबाल खेलकर लौटे ईशान्त के उदाहरण को देखें तो मणिशंकर अय्यर की टिप्पणी उतनी तल्ख नजर नहीं आती....
image
सारण के अंधेरे में उजाले की दस्तक
‘कौन कहता है आसमान में सुराख नहीं हो सकता है, जरा तबियत से पत्थर तो उछालो यारों’। इस कथन को सच कर दिखाया है बिहार के सारण जिला में चल रहे सारण रिन्यूबल एनर्जी प्राईवेट लिमिटेड (कंपनी) के चार प्रमोटरों ने। योगेन्द्र प्रसाद, जर्नादन प्रसाद, रमेश कुमार और विवेक गुप्ता ने सन् 2006 में मिलकर सारण रिन्यूबल एनर्जी प्राईवेट लिमिटेड का गठन किया था, जिनकी एक ही मंशा थी अंधेरे में डूबे हुए सारण जिले के गांवों तक बिजली पहुँचाना।...
image
कुख्यात चंबल घाटी होगी विख्यात
दस्यु संरक्षण के लिए कुख्यात रहीं चंबल की वादी की तस्वीर बदलने के लिए की जा रही कवायद का एक हिस्सा बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रकृति की तमाम अद्भुत धरोहरों को अपने आगोश में समाने वाली इन्हीं वादियों के प्रति राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने आने वाले देशी व विदेशी सैलानियों के अंतःमन में रम चुकी कुख्यात चंबल घाटी को अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात करने का प्रयास मध्य प्रदेश के भिंड जिला प्रशासन ने कर दी है। चंबल चेलेंज नाम से तैयार कराए गए इस प्रोजेक्ट में पर्यटक चंबल की घाटी में संरक्षित दुर्लभ प्रजाति के जलीय जीवों के दीदार तो कर ही सकेंगें अपितु मिट्टी के पहाड़ों पर रोमांचक खेलों का आनंद भी उठा सकेंगें।...
Next
सर्वाधिकार (अ)सुरक्षित

विस्फोट.कॉम में प्रकाशित सामग्री पर हमारी ओर से कोई कापीराइट नहीं है.

Powered by Vivvo CMS v4.1.2