बाबरी मामले में वाजपेयी को कांग्रेस की क्लीन चिट
नई दिल्ली। अयोध्या में विवादित ढांचा गिराए जाने संबंधी लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दोषी ठहराए जाने को लेकर विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी और भाजपा नेताओं की कड़ी आलोचना के बाद कांग्रेस ने आज वाजपेयी को क्लीन चिट दे दी है।
लोकसभा में लिब्रहान रिपोर्ट पर पिछले तीन दिनों से जारी बहस के बीच आज केन्द्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने स्पष्ट किया कि "विवादित ढांचा गिराए जाने की साजिश रचने वालों में वाजपेयी का नाम नहीं घसीटा गया है।" उन्होंने कहा कि वाजपेयी का नाम सिर्फ एक सामान्य सूची में शामिल किया गया है।
उल्लेखनीय है कि लिब्रहान रिपोर्ट में वाजपेयी को दोषी ठहराए जाने को लेकर भाजपा नेता और समर्थकों में गहरा रोष है। भाजपा नेताओं ने दोषियों की लिस्ट में वाजपेयी का नाम शामिल किए जाने की कड़ी आलोचना की है। गत सात दिसंबर को जब लोकसभा में लिब्रहान रिपोर्ट पर बहस शुरू हुई थी, तो भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने लिब्रहान रिपोर्ट को गलतियों का पुलिंदा करार दिया था। वहीं, मंगलवार को भाजपा नेता सुषमा स्वराज ने भी वाजपेयी का नाम लिए जाने पर आपत्ति जताई थी और कहा था कि बाबरी कांड में पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी का नाम घसीटा जाना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उधर लखनऊ में कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी ने भी कहा कि वाजपेयी जी के लिए उनके मन में बहुत सम्मान है. राहुल गांधी ने कहा कि हमारी परंपरा में बुजुर्गों को सम्मान दिया जाता है और हमें वाजपेयी जी को वह सम्मान देना चाहिए. राहुल गांधी ने कहा कि लिब्राहन ने अपनी रिपोर्ट में क्या गलत कहा है और क्या सही, इस पर मैं कोई निर्णय कैसे दे सकता हूं?



del.icio.us
Digg